UPSC CSE 2025 RESULT : वैशाली के उज्जवल प्रियांक को मिला 10वां रैंक, डीएम वर्षा सिंह ने अपने कार्यालय में किया सम्मानित
वैशाली : संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा 2025 का परिणाम शुक्रावार को घोषित हो चुका है. वैशाली जिले के बिदूपुर निवासी उज्जवल प्रियांक ने इस परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त किया है. जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने उज्जवल की सफलता पर काफी प्रसन्नता व्यक्त की और अपने कार्यालय कक्ष में उन्हें सम्मानित किया.
बिदूपुर पंचायत के वार्ड 03, बिदूपुर दिलावरपुर पूर्वी निवासी अभियंता संजीव कुमार के इकलौते पुत्र और स्वर्गीय राम नरेश सिंह के पौत्र उज्जवल प्रियांक की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव, प्रखंड, जिला और राज्य में हर्ष का माहौल है. उनके पिता संजीव कुमार एक किसान भी हैं और बड़े पैमाने पर आम के बगीचे लगाए हुए हैं. उज्जवल प्रियांक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ज्ञान निकेतन, पटना से पूरी की. उन्होंने वर्ष 2016 में दसवीं बोर्ड परीक्षा में दस सीजीपीए अंक प्राप्त किए. इसके बाद, वर्ष 2018 में सेंट माइकल, पटना से आईएससी में 96 प्रतिशत अंक हासिल किए. उज्जवल ने जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री प्राप्त की और यह सफलता उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में अर्जित की.
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उज्जवल प्रियांक ने कहा कि वह इस परिणाम से बेहद खुश हैं और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था. उन्होंने बताया, "मुझे 10वां स्थान मिलने की उम्मीद नहीं थी. जब मुझे लोगों से बधाइयां मिलने लगी और वैशाली की जिलाधिकारी ने मुझे बुलाया,तब मुझे अपनी सफलता का एहसास हुआ." उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और द्वारकाधीश व राधा रानी को दिया.
वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--