BIHAR NEWS
ट्रेनें रद्द होने पर चिराग पासवान का सवाल, बोले- भारत के युवाओं को कोई नहीं रोक सकता, विपक्ष को दी संवाद की सलाह
पटना/सोनीपत: दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन से पहले बिहार,उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से राजधानी जाने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने का मामला गरमा गया है. इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को कोई नहीं रोक सकता.
शुक्रवार को हरियाणा के सोनीपत स्थित कुंडली पहुंचे चिराग पासवान ने ट्रेनें रद्द होने के सवाल पर कहा कि आखिर कोई कितनी ट्रेनें रोक सकता है?कितनी कनेक्टिविटी बाधित की जा सकती है और कितनी सड़कों को जाम किया जा सकता है?उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं में दुनिया को रास्ता दिखाने की क्षमता है,जैसी क्षमता पिछली पीढ़ियों ने भी दिखाई थी.
दरअसल,मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे सहित अन्य मांगों को लेकर सीजेपी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का एलान किया है. प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. इसी बीच रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है,जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है.
विरोध के बजाय बातचीत की सलाह
इससे पहले गुरुवार को चिराग पासवान ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने वाले राजनीतिक दलों को निर्वाचन आयोग से बातचीत करने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद के जरिए निकाला जाना चाहिए,न कि रोजाना विरोध प्रदर्शन करके.
चिराग ने माना कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है. हालांकि,उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष समाधान चाहता है या केवल हंगामा करना चाहता है. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है. राजनीतिक दल उससे मिलने का समय मांग सकते हैं,प्रतिनिधिमंडल के साथ अपनी शिकायतें रख सकते हैं और जवाब मांग सकते हैं.
चिराग के बयान से चुनाव आयोग के मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज होने के संकेत हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।