BIHAR NEWS
तिरहुत में हार के बाद अभिषेक झा का बड़ा बयान, 4700 वोट रद्द होने पर उठाए सवाल, NDA के भीतर चक्रव्यूह का किया जिक्र
मुजफ्फरपुर/पटना : तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम आने के बाद जदयू प्रत्याशी रहे अभिषेक झा ने अपनी हार पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर मतदाताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताया. साथ ही करीब 4700 मतों के निरस्त होने का दावा करते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए हैं. इस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी ने जीत दर्ज की है.
4700 वोट रद्द होने का किया दावा
अभिषेक झा ने अपने पोस्ट में दावा किया कि करीब 4700 मतों में उनके नाम के सामने टिक का निशान होने के कारण उन्हें अमान्य घोषित कर दिया गया. उन्होंने कहा कि यदि ये वोट निरस्त नहीं होते तो चुनाव का परिणाम उनके पक्ष में आ सकता था. उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिहाज से गंभीर विषय बताते हुए मतों की वैधता पर सवाल उठाया.
NDA के भीतर चक्रव्यूह में फंसने की कही बात
अभिषेक झा ने अपने बयान में एनडीए के भीतर राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने लिखा कि कभी-कभी ऐसा महसूस होता है कि क्या वे अपने ही राजनीतिक परिवार के भीतर रचे गए चक्रव्यूह में अभिमन्यु की तरह अकेले पड़ गए थे. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के प्रति उनके मन में कटुता या द्वेष नहीं है.
बंशीधर ब्रजवासी को दी बधाई
जदयू प्रत्याशी ने चुनाव में विजयी निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी को शुभकामनाएं दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि वे शिक्षकों की समस्याओं और तिरहुत के विकास को प्राथमिकता देंगे. साथ ही समाज और स्नातकों के हित में उठाए जाने वाले कदमों में सहयोग का भरोसा दिया.
समर्थकों से रिश्ता बनाए रखने का संकल्प
अभिषेक झा ने कहा कि चुनाव में हार से समर्थकों के साथ उनका रिश्ता समाप्त नहीं होगा. उन्होंने भविष्य में भी हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया और चुनाव के दौरान किसी को ठेस पहुंचने पर क्षमा मांगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।