बिहार में भूमिहीन परिवारों को बड़ी राहत
तीन डिसमिल जमीन के लिए अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू
पटना: बिहार में वासभूमिहीन परिवारों के लिए राहत की खबर है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने‘अभियान बसेरा-2’के तहत तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की है. अब पात्र परिवारों को आवेदन के लिए पटना स्थित विभागीय मुख्यालय आने की जरूरत नहीं होगी.
लाभार्थी बिहार भूमि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर‘अभियान बसेरा हेतु आवेदन करें’विकल्प के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय के स्तर पर ही स्वीकार किया जाएगा. आवेदन जमा होने के बाद अंचल कार्यालय की ओर से आवेदक को प्राप्ति रसीद देना अनिवार्य होगा.
आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और मोबाइल नंबर देना होगा. आवेदक,पति-पत्नी और वयस्क सदस्यों के आधार की स्व-अभिप्रमाणित प्रति भी देनी होगी. इसके अलावा जाति प्रमाणपत्र,राशन कार्ड,मतदाता पहचानपत्र या निवास प्रमाणपत्र में से उपलब्ध दस्तावेज जमा करने होंगे.
परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी और निर्धारित प्रारूप में शपथपत्र भी देना होगा. इसमें यह घोषणा करनी होगी कि परिवार के पास रहने योग्य जमीन नहीं है और पहले किसी सरकारी योजना के तहत वासभूमि का लाभ नहीं मिला है.
सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को भी उससे जुड़ी उपलब्ध जानकारी आवेदन में देनी होगी. विभाग ने दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है. किसी लाभार्थी को आवेदन के नाम पर पटना बुलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।