BIG NEWS
थावे-वृंदावन स्कूल में अनियमितता पर हेडमास्टर समेत दो शिक्षक निलंबित, शिक्षक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज के थावे प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वृंदावन में शिक्षकों की कार्यशैली और विद्यालय में अनियमितताओं को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव और शिक्षक एहसान अख्तर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई हुई है.
जांच के मुताबिक, शिक्षक एहसान अख्तर ने कक्षा 11वीं की छह छात्राओं को बिना विभागीय अनुमति 2 से 5 अक्टूबर के बीच राजगीर भ्रमण पर ले गए थे. आरोप है कि अभिभावकों को सरकारी योजना के तहत भ्रमण कराने की जानकारी देकर सहमति ली गई थी. वहीं, प्रधानाध्यापक पर पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद वरीय अधिकारियों को सूचना नहीं देने का आरोप है. इसके अलावा विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कर गायब रहने, परीक्षा संचालन में अनियमितता और विद्यालय प्रबंधन में गड़बड़ी की शिकायतें भी जांच में सही पाई गई है.
इधर, इस पूरे मामले से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में ग्रामीणों और कुछ अन्य लोगों द्वारा शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने का दृश्य सामने आया है. वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा तेज है. हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों और घटना के पूरे विवरण की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.
मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जांच कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था. शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी है.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।