Teachers Day 2026 : सासाराम में शिक्षक दिवस पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं छात्राओं को किया गया सम्मानित
रोहतास:शिक्षक दिवस के अवसर पर रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित डीआरडीए सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले भर से बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई.
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा,डीडीसी आकांक्षा आनंद एवं डीईओ मदन राय की उपस्थिति में संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.
उत्कृष्टता और प्रतिभा का सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को उनकी निष्ठा और नवाचार के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही शैक्षणिक एवं शैक्षणिक-इतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी अधिकारियों द्वारा चेक मेडल प्रशस्ति-पत्र आदि से पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया.
इस मौके पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने शिक्षकों को समाज का शिल्पकार बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है. उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी शिक्षकों और छात्राओं को बधाई दी और अन्य लोगों को भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया. वहीं डीडीसी आकांक्षा आनंद ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में नया मुकाम हासिल कर रही हैं,और उन्हें सही मार्गदर्शन देने में शिक्षकों का विशेष योगदान रहता है.
डीईओ मदन राय ने जिले में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए सभी शिक्षकों से पूरी निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही. समारोह में शिक्षा विभाग के कई अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.