Live

BREAKING NEWS

तमाड़ में खूनी संघर्ष: शराब दुकान पर दो गुटों में चाकूबाजी, एक युवक की मौत

D
Deepak Kumarलेखक

रागामाटी स्थित शराब दुकान में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद;मारपीट के बाद चाकू से किया हमला,पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया

तमाड़ः थाना क्षेत्र के रागामाटी में रविवार की रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब दुकान में शराब पीने के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हुई। इस घटना में चाकू लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रागामाटी स्थित शराब दुकान में दो गुटों के लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच मारपीट होने लगी। इसी क्रम में चाकूबाजी की घटना हुई। बताया जाता है कि एक युवक किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए बुंडू अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद तमाड़ पुलिस सक्रिय हुई और मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल चाकूबाजी के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

जीतेन सार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें