Hindi News / रोस्टर पर उठाए सवाल, गड़बड़ी मिलने पर अधिकारियों की लगाई क्लास

स्वास्थ्य मंत्री निशांत पहुंचे हाजीपुर सदर अस्पताल : रोस्टर पर उठाए सवाल, गड़बड़ी मिलने पर अधिकारियों की लगाई क्लास

Edited By:  |
swasthya mantri nishant pahunche hajipur sadar aspatal

वैशाली: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार को अचानक सदर अस्पताल पहुंच गए. मंत्री के अचानक पहुंचते ही अस्पताल के अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया. इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्था से लेकर ड्यूटी रोस्टर तक मंत्री ने खुद जांचा और गड़बड़ी मिलने पर अधिकारियों की जमकर क्लास लगा दी. हालात ऐसे बने कि सूचना मिलते ही वैशाली की डीएम वर्षा सिंह भी अस्पताल पहुंच गई.

गुरुवार शाम में अचानक स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अस्पताल पहुंच गए. मंत्री के औचक निरीक्षण की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. ड्यूटी पर तैनात कर्मी अलर्ट हो गए और अधिकारी भी मौके पर पहुंचने लगे. स्वास्थ्य मंत्री सीधे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे. मरीजों को मिल रही सुविधा, डॉक्टरों की मौजूदगी और अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लिया. इसी दौरान मंत्री की नजर अस्पताल के ड्यूटी रोस्टर पर पड़ी. रोस्टर देखते ही मंत्री का पारा चढ़ गया. मौजूद अधिकारियों से सवाल-जवाब शुरू हो गया और लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई.

मंत्री ने साफ तौर पर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा. औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की भी जवाबदेही तय करने के संकेत दिए गए. मंत्री के एक्शन के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी मिलते ही वैशाली डीएम वर्षा सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचीं. इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मंत्री के अचानक एक्शन के बाद अब सवाल है कि अस्पताल की व्यवस्था में आखिर ऐसी क्या कमी मिली, जिसको लेकर अधिकारियों की क्लास लगानी पड़ी.

हाजीपुर से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट-