BIHAR NEWS
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बिहार म्यूजियम की वैश्विक उपलब्धि पर जताई खुशी, नीतीश कुमार के दूरदर्शी विजन को दिया श्रेय
पटना : बिहार म्यूजियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी उपलब्धि पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर बिहारवासियों को बधाई दी और इस उपलब्धि को पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया. जर्मनी के म्यूनिख से प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘वर्थ अ जर्नी’ की वैश्विक रैंकिंग में बिहार म्यूजियम को दुनिया में नौवाँ और एशिया में पहला स्थान मिला है.
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना गर्व की बात है. यह उपलब्धि बिहार की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली अतीत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के प्रयासों का परिणाम है.
नीतीश कुमार के दूरदर्शी विजन को दिया श्रेय
निशांत कुमार ने इस उपलब्धि को नीतीश कुमार के दूरदर्शी विजन का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि बिहार की गौरवशाली सभ्यता और समृद्ध इतिहास को विश्व पटल पर स्थापित करने की जो परिकल्पना की गई थी, वह आज साकार होती दिखाई दे रही है.
उन्होंने याद दिलाया कि 9 जुलाई 2013 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार म्यूजियम की आधारशिला रखी थी. इसका उद्देश्य राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों, कला, संस्कृति और प्राचीन सभ्यता को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना था.
स्वास्थ्य मंत्री ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए नीतीश कुमार के प्रयासों की सराहना की और बिहार म्यूजियम को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान पर समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।