BIHAR NEWS
स्वाधीनता आंदोलन में नेहरू जी का अविस्मरणीय योगदान था - उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी
पटना : भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं० जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार सरकार की ओर से उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, फुलवारीशरीफ के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक, बिहार विधान परिषद् के सदस्य संजय कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, जदयू० नेता लोक प्रकाश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धा- सुमन अर्पित किये.
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतन्त्रता आन्दोलन में नेहरू जी की भूमिका काफी अहम् रही है. उनके योगदान अविस्मरणीय हैं. उन्होंने कहा कि आज जिस स्थान पर हमलोग नेहरू जी की जयंती मना रहे हैं, उसके लिए हम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी आभार प्रकट करना चाहते हैं. पहले नेहरू जी की प्रतिमा पटना के सबसे व्यस्ततम इलाक़ा स्टेशन के सामने चौराहा के पास स्थापित थी, जो शहर का काफी भीड़-भाड़ वाला जगह था, जिसके कारण किसी भी व्यक्ति को एक-दो मिनट रुक कर उनके प्रति सम्मान प्रकट करने में परेशानी होती थी. लोगों की इस कठिनाई को महसूस करते हुए तथा नेहरू जी के प्रति आदर प्रकट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के बेली रोड में एक खूबसूरत पार्क को विकसित करा कर उसके मध्य में सम्मानपूर्वक नेहरू जी की प्रतिमा स्थापित करायी.
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बिदुपुर 6- लेन पुल का नाम "नीतीश सेतु" किये जाने का बिहार सरकार का निर्णय सराहनीय है. राज्य के नव निर्माण में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान सदैव याद रखे जाएंगे. उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले चार महत्वपूर्ण पुलों की एक श्रृंखला है, जिनके नाम जे.पी. सेतु, महात्मा गांधी सेतु , मोकामा के पास राजेंद्र सेतु हैं और अब चौथा- 6- लेन बिदुपुर पुल "नीतीश सेतु" के नाम से जाना जायेगा. इन सबका नामकरण महापुरुषों के नाम पर किया जाना उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का एक माध्यम रहा है. "नीतीश सेतु" का नामकरण निश्चित रूप से बिहार सरकार का एक सराहनीय फैसला है एवं पूरे बिहार के नव निर्माण में नीतीश कुमार के कृतित्वों का सम्मान है. इसके लिए उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार प्रकट किया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।