BIHAR NEWS
सूर्यनगरी देव में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, सूर्यकुंड में उमड़ी व्रतियों की भीड़
छठी मइया के जयकारों से गूंजा सूर्यकुंड परिसर,दूसरे जिलों से भी पहुंचने लगे श्रद्धालु;बाजारों में बढ़ी रौनक
औरंगाबाद: लोक आस्था, पवित्रता और भगवान सूर्य की उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के अनुष्ठान के साथ पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव से शुरू हो गया। महापर्व की शुरुआत होते ही बिहार की प्रसिद्ध सूर्यनगरी देव में छठ का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। सुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ ऐतिहासिक सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड परिसर में जुटने लगी। छठी मइया के जयकारों और भगवान भास्कर की आराधना से पूरा देव भक्तिमय हो गया है। दूसरे जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है।
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की विशेष धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। इस अवसर पर व्रती महिलाएं सुबह स्नान कर घरों की साफ-सफाई करती हैं और पूरी शुद्धता एवं पवित्रता के साथ भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लेती हैं। नहाय-खाय के दिन अरवा चावल, चने की दाल, कद्दू की सब्जी और साग का सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। घी से बने इस पारंपरिक प्रसाद को ग्रहण कर व्रती चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान की शुरुआत करते हैं।
छठ पर्व में नहाय-खाय का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन से व्रतियों के शरीर और मन की शुद्धता का क्रम शुरू होता है। घरों में साफ-सफाई, पवित्रता और पूजा-पाठ का विशेष ध्यान रखा जाता है। परिवार के अन्य सदस्य भी व्रतियों की सेवा और पर्व की तैयारियों में पूरी श्रद्धा के साथ जुटे रहते हैं।
सूर्यकुंड में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जयकारों से गूंजा परिसर
छठ महापर्व को लेकर ऐतिहासिक सूर्यनगरी देव में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। यहां स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर और ऐतिहासिक सूर्यकुंड तालाब में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने सूर्यकुंड में पवित्र स्नान कर नहाय-खाय का अनुष्ठान पूरा किया।
इस दौरान सूर्यकुंड परिसर में छठी मइया और भगवान भास्कर के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान सूर्य की आराधना करते नजर आए। शुक्रवार से ही दूसरे जिलों और दूरदराज के इलाकों से छठ व्रत करने वाले श्रद्धालुओं का देव पहुंचना शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं के आगमन से सूर्यनगरी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
श्रद्धालुओं की भीड़ से बाजारों में बढ़ी रौनक
छठ महापर्व को लेकर देव के बाजारों में भी खास चहल-पहल देखने को मिल रही है। फल, नारियल, गन्ना, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। स्थानीय बाजारों में छठ पूजा से जुड़ी वस्तुओं की मांग बढ़ गई है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण देव की सड़कों और बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। दुकानदारों में भी पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। छठ महापर्व के अगले तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है।
शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना करेंगे और गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र है सूर्यनगरी देव
बिहार के औरंगाबाद जिले की सूर्यनगरी देव छठ महापर्व के लिए विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखती है। यहां स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। छठ के अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, स्वच्छता, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना के इस महापर्व में श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना करते हैं। नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ यह महापर्व अब पूरे देव को भक्ति और आस्था के रंग में रंगने लगा है।
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।