BIG NEWS
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 1 दिसंबर तक सरेंडर करेंगे अनंत सिंह, बोले- न्यायपालिका पर भरोसा, दोबारा जमानत मिलेगी और घर लौट आएंगे
पटना : दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करेंगे और 1 दिसंबर तक सरेंडर कर देंगे. अनंत सिंह ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए उम्मीद जाहिर की कि उन्हें दोबारा जमानत मिल जाएगी और वह फिर घर लौट आएंगे.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि अदालत जहां और जब सरेंडर करने का निर्देश देगी, वह उसका पालन करेंगे. उन्होंने कहा, "हां, मैं सरेंडर कर दूंगा. मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है. कोर्ट के अलावा हम कहीं नहीं जाएंगे."
उन्होंने आगे कहा कि 1 दिसंबर को जहां सरेंडर करना होगा, वहां पहुंच जाएंगे. न्यायालय के आदेश का पूरी तरह पालन करेंगे. अनंत सिंह ने भरोसा जताया कि अदालत से उन्हें फिर जमानत मिल जाएगी और वह घर वापस आ जाएंगे.
नीतीश कुमार और नीरज सिंह पर साधा निशाना
इस दौरान अनंत सिंह ने जदयू से निष्कासन को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की. उनसे जब पूछा गया कि पार्टी में रहते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन पार्टी से बाहर होने के बाद कानूनी कार्रवाई तेज हो गई, तो उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधा.
अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जब तक सही थे, तब तक सब ठीक था, लेकिन पिछले कई दिनों से उनकी स्थिति गड़बड़ है.
उन्होंने जदयू नेता नीरज सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए. अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी में नीरज सिंह का सबकुछ चल रहा है और उनके गुट के लोगों ने ही उन्हें पार्टी से बाहर करवाया.
उन्होंने अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह कभी किसी के पीछे नहीं चले और न ही किसी की दलाली की है. उनके लिए जनता ही सबसे बड़ी है और वह जनता की सेवा करते रहेंगे.
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी. इस मामले में पटना हाईकोर्ट से अनंत सिंह को जमानत मिली थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है. अब उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर करना होगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।