सुपौल में भीषण अगलगी : 8 परिवारों के घर जलकर राख, 10 लाख से अधिक का नुकसान, कैंसर मरीज के इलाज के पैसे भी जले
सुपौल: बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्दना पंचायत वार्ड संख्या 2 में मंगलवार को अहले सुबह भीषण आग लग गई. आग लगने से 8 परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका धू-धू कर जलने लगा,जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए,वहीं घरों में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया.
इस अगलगी की घटना में गीता देवी,दुखनी देवी,शकली देवी,प्रमोद रजक,हरिनंदन रजक और रंजन देवी समेत अन्य पीड़ित परिवारों का सबकुछ जलकर खाक हो गया. घर में रखे कपड़े,अनाज,जेवर,नगद राशि,जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात और एक बाइक भी आग में नष्ट हो गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
पीड़िता गीता देवी ने बताया कि उनके पति विनय रजक कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज बीकानेर में चल रहा है. इलाज के लिए बड़ी मुश्किल से जुटाए गए पैसे भी घर में रखे थे,जो इस आग में जल गए. इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और उनके सामने अब इलाज के साथ-साथ जीवनयापन का भी संकट खड़ा हो गया है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं,अग्निपीड़ितों ने सरकार से जल्द मुआवजा और सहायता की मांग की है,ताकि वे फिर से अपना जीवन पटरी पर ला सकें.
इधर,त्रिवेणीगंज की सीओ प्रियंका सिंह ने बताया कि अग्निपीड़ित आठ परिवारों के बीच पॉलिथीन सहित अन्य राहत सामग्री वितरित की गई है. अग्निपीड़ितों को सरकारी स्तर से मिलने वाली सभी लाभ दिए जाएंगे.
सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--