Live

BIHAR POLITICS

सोनिया गांधी की किताब पर JDU का पलटवार, संजय झा ने कांग्रेस से पूछा- नीतीश को गठबंधन क्यों छोड़ना पड़ा?

D
Deepak Kumarलेखक

सोनिया गांधी की किताब पर जदयू का पलटवार, संजय झा ने कांग्रेस को घेरा, पूछा- आखिर नीतीश कुमार को गठबंधन क्यों छोड़ना पड़ा?

पटनाःकांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उल्लेख को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए सवाल किया है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. से अलग होना पड़ा।

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार का करीब 50 वर्षों का सार्वजनिक जीवन रहा है। उन्होंने अपना पूरा राजनीतिक जीवन देश और बिहार के विकास के लिए समर्पित किया है। ऐसे नेता के बारे में हल्की और ओछी टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि आपातकाल के दौरान नीतीश कुमार को कांग्रेस शासन में जेल भी जाना पड़ा था।

संजय झा ने कहा कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की नींव रखने में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उन्होंने देशभर में घूमकर विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं को एक मंच पर लाने की पहल की थी। गठबंधन की पहली बैठक भी पटना में आयोजित हुई थी। इसके बावजूद कांग्रेस को साथ रखने और उसे गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका देने का प्रयास नीतीश कुमार ने किया।

उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि जब नीतीश कुमार विपक्षी एकता के लिए इतनी मेहनत कर रहे थे, तब ऐसी क्या स्थिति पैदा हुई कि उन्हें गठबंधन छोड़ना पड़ा? कांग्रेस को इस सवाल का भी जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस पर व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का आरोप

संजय झा ने आरोप लगाया कि I.N.D.I.A. गठबंधन में देश के विकास और भविष्य की रणनीति को लेकर कोई स्पष्ट साझा एजेंडा नहीं था। बैठकों में नीतिगत मुद्दों के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने पर अधिक जोर दिया जाता था। उनके अनुसार, गठबंधन में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं हावी हो गई थीं।

NDA की एकजुटता पर भी बोले

बिहार में एनडीए की एकजुटता पर संजय झा ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है। वर्ष 2024 और 2025 के चुनाव एकजुट होकर लड़े गए और इसके परिणाम भी सामने आए। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए सरकार अगले पांच वर्षों में जनता से किए गए वादों को पूरा करेगी।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें