BIG BREAKING
सीवान में पटाखा फैक्ट्री में बम फटने से लगी आग, 3 लोगों की मौत, कई झुलसे
सीवान : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के सीवान से है जहां पटाखा फैक्ट्री में बम फटने से आग लग गई है. आग लगने के बाद फैक्ट्री के अंदर पटाखा बना रहे कई लोग झुलस गए हैं. हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई. यह घटना जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर की है. घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि अलमापुर गांव में अमीरुद्दीन के मकान में पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. इस मामले में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि मकान में पटाखा बनाने की सूचना मिल रही थी. इसी मकान में पटाखा बनाने के दौरान एक मकान में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना भीषण था कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद अब तक 3 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश में राहत एवं बचाव अभियान जारी है. यह घटना जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव की है. हादसे की सूचना मिलते ही सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
वहीं,एसपी भारत सोनी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट के समय मकान में कुल सात लोग मौजूद थे. अब तक 3 लोगों के शव बरामद किए गए हैं और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. एसपी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने पटाखा निर्माण के लिए लाइसेंस होने की बात कही है. हालांकि,एफआईआर दर्ज कर लाइसेंस और पटाखा निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंचकर जांच कर रही है. विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, मकान में पटाखा निर्माण की क्या व्यवस्था थी और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल, अलमापुर गांव में राहत एवं बचाव अभियान जारी है. प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बरामद शवों की पहचान, घायलों की वास्तविक संख्या और विस्फोट के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
सीवान से निरंजन कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।