Hindi News / आरा में रेलवे पुलिस और जीआरपी ने 9 तस्करों को दबोचा

शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : आरा में रेलवे पुलिस और जीआरपी ने 9 तस्करों को दबोचा

Edited By:  |
sharav taskari ke khilaf badi karrawai

आरा :बिहार में शराबबंदी के बाद तस्करों ने ट्रेन से शराब लाने के ऐसे तरीके अपनाए हैं जो किसी फिल्म से कम नहीं है. ऐसे में ट्रेन से शराब की तस्करी भी इन दिनों आरा रेल पुलिस के लिए सिर दर्द बन गया था,जिसके बाद आरा रेलवे पुलिस ने शराब तस्करों पर कार्रवाई करते हुए बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. रेलवे पुलिस और जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए 9 तस्करों को गिरफ्तार किया है.

जिसकी जानकारी रेल डीएसपी कंचन राज ने आरा जीआरपी ऑफिस में प्रेस कांफ्रेंस कर दी है. प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रेल डीएसपी कंचन राज के साथ,आरा रेल इंस्पेक्टर दीपक कुमार और आरा जीआरपी इंचार्ज रंधीर कुमार भी मौजूद थे. रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि आरा रेल थाना क्षेत्र में ट्रेनों में एसीपी कर शराब तस्करी,यात्रियों से मारपीट और ट्रेनों व एस्कॉर्ट पार्टी पर पत्थरबाजी करने वाले संगठित गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत कुल 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह लंबे समय से जगजीवन हाल्ट के पास ट्रेनों को निशाना बनाकर अवैध शराब उतारने और विरोध करने पर यात्रियों से मारपीट करता था. मामले की शुरुआत 8 अप्रैल 2026 को दर्ज कांड संख्या 88/26 से हुई. जिसमें शराब तस्करी की शिकायत सामने आई थी. इसके बाद 28 अप्रैल को एक और घटना में यात्रियों से विवाद कर मारपीट और पत्थरबाजी की गई.

जिसके आधार पर कांड संख्या 112/26 दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी कर गिरोह के सरगना सरोज कुमार समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने कई वर्षों से इस आपराधिक गतिविधि में शामिल होने की बात कबूल की है. कंचन राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से 5 पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं.

वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों में भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत अनाइठ मोहल्ले के निवासी स्वर्गीय हीरालाल प्रसाद के बेटे सरोज प्रसाद,मनोज प्रसाद के बेटे सोनू कुमार उर्फ बंटी,संतोष प्रसाद के बेटे मिंटू कुमार,गोढ़ना रोड के निवासी स्वर्गीय शिवजी यादव के तीन बेटे राज कुमार यादव,रंजन कुमार और राज कुमार उर्फ आशीष,अनाइठ मोहल्ले के कन्हैया साव के बेटे मोनू कुमार,उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कसाप गांव निवासी ऋषिकेश सिंह के बेटे उत्तम कुमार,आनंद नगर मोहल्ले के निवासी गोपाल सिंह के बेटे रवि कुमार है.

सभी अभियुक्तों पर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नवरेगा मोहल्ले के निवासी मदन ठाकुर के 24 वर्षीय पुत्र जय प्रकाश ठाकुर के आवेदन के आधार पर रेल थाना आरा काण्ड संख्या 112/26 के तहत धारा 351/352/115(2)/118(1)/126(2)/3(5)/109/190/191 बीएनएस और रेलवे एक्ट 141 30(a)बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2018 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की गयी है.

वहीं कार्रवाई करने वाले टीम में आरा आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, रेल थानाध्यक्ष रंधीर कुमार, एएसआई रविंद्र कुमार गुप्ता, उप-निरीक्षक विजेन्द्र मुवाल, अभय कुमार, ललित कुमार, डीआईयू राकेश कुमार, पीटीसी मनोज कुमार, सिपाही कन्हैया, फूल बाबु और सनोज शामिल है. वहीं रेल पुलिस ने साफ कर दिया है, अपराधिक गतिविधियों पर रेल पुलिस ने लगातार नजर बनाए हुए है और रेल अधीक्षक के निर्देश पर लगातार छापेमारी जारी रहेगा. साथ ही अभियुक्तों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.