शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : सुपौल के भपटियाही में 612 लीटर नेपाली वाइन बरामद, तस्कर गिरफ्तार, दो जगहों पर पड़ी रेड
सुपौल : बड़ी खबर सुपौल से है जहां जिले के भपटियाही पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है. इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफारी गाड़ी (बीआर 11 टी 2074) में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही भपटियाही थाना की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एनएच-27 पर सरायगढ़ स्थित विश्वकर्मा धर्मकांटा के पास वाहन का पीछा कर उसे घेर लिया. तलाशी के दौरान गाड़ी से 11 बोरे में रखी कुल 1320 बोतल नेपाली ‘दिलवाले’ शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 396 लीटर बताई जा रही है.
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त निर्मली थाना क्षेत्र के मझारी निवासी रघुवीर कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है.
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई भी की. गुप्त सूचना के आधार पर भपटियाही थाना क्षेत्र के लौकहा पालर में तेजू मुखिया के घर के सामने झाड़ियों में छिपाकर रखी गई शराब को बरामद किया गया. यहां से 8 बोरे में कुल 720 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई,जिसकी कुल मात्रा 216 लीटर है. पुलिस ने आशंका जताई है कि यह शराब भी तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी.
भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बुधवार दोपहर बताया कि दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है. उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--