BIHAR NEWS
SCERT पटना में 5 दिवसीय भारतीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण शुरू, श्रवण बाधित बच्चों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
पटना : राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), बिहार, पटना में समावेशी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में पांच दिवसीय भारतीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ. SCERT के समावेशी शिक्षा विभाग की ओर से यूनिसेफ (UNICEF) के सहयोग से 23 से 27 नवंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रवण बाधित बच्चों के साथ पढ़ाने वाले शिक्षकों को भारतीय सांकेतिक भाषा में दक्ष बनाना है.
प्रशिक्षण में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) से संबद्ध उन विद्यालयों के शिक्षकों को शामिल किया गया है, जहां श्रवण बाधित बच्चे अध्ययनरत हैं. प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलने वाला यह आवासीय प्रशिक्षण शिक्षकों को सांकेतिक भाषा के माध्यम से बच्चों से बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी शैक्षणिक जरूरतों को प्रभावी ढंग से समझने में मदद करेगा.
कार्यक्रम SCERT पटना के निदेशक, संयुक्त निदेशक एवं समावेशी शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है. उद्घाटन सत्र में SCERT PATNA के संयुक्त निदेशक,राजदेव राम ,उप निदेशक राजकुमार,विभागाध्यक्ष विजय कुमार भास्कर,व्याख्याता कुमारी अमृता सहित यूनिसेफ पटना के शिक्षा अधिकारी बसंत सिन्हा तथा केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान,अजमेर की सहायक आचार्या डॉ. शरिता शर्मा, ISLRTC नई दिल्ली के सहायक प्रोफेसर राकेश कुमार गंगवाल , सांकेतिक भाषा प्रशिक्षक CRC पटना के रोहित चंद एवं कई दुभाषिये आमंत्रित किए गए हैं.
यह प्रशिक्षण विद्यालयों में संवाद की बाधाओं को कम करने, शिक्षकों को संवेदनशील एवं दक्ष बनाने और श्रवण बाधित बच्चों के लिए अधिक सुलभ, समावेशी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।