BIHAR NEWS
सात समंदर पार भी गूंजे छठी मैया के गीत: अमेरिका से मॉरीशस तक वैशाली के प्रवासियों ने धूमधाम से मनाया छठ महापर्व
वैशाली: लोक आस्था का महापर्व छठ अब सिर्फ बिहार और भारत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसकी गूंज सात समंदर पार भी सुनाई दे रही है। बिहार की मिट्टी से हजारों किलोमीटर दूर रहने वाले लोग भी अपनी संस्कृति, परंपरा और आस्था को पूरी श्रद्धा के साथ संजोए हुए हैं। वैशाली जिले के वैसे निवासी, जो अमेरिका, मॉरीशस, ओमान, रूस, सऊदी अरब, कतर, दुबई और कुवैत सहित दुनिया के अलग-अलग देशों में रह रहे हैं, उन्होंने भी पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ छठ महापर्व मनाया।
विदेशों में भी सजे छठ के घाट,गूंजे छठी मैया के गीत
परदेस में रहने के बावजूद वैशाली के लोगों ने छठ महापर्व की परंपराओं का पूरी निष्ठा से पालन किया। कहीं घरों में पूजा की तैयारी हुई तो कहीं मंदिरों और नदी-तालाबों के किनारे कृत्रिम घाट बनाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया।
विदेशों में भी छठ पूजा के दौरान सूप, फल, प्रसाद और पारंपरिक पकवानों की व्यवस्था की गई। ठेकुआ की खुशबू और छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने हजारों किलोमीटर दूर बसे बिहारियों को अपनी जन्मभूमि और गांव की यादों से जोड़ दिया।
36घंटे के निर्जला व्रत से की छठी मैया की आराधना
छठ महापर्व की परंपरा के अनुसार व्रती महिलाओं ने36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान प्रवासी बिहारियों ने अपने परिवार, समाज, वैशाली जिले और पूरे देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और तरक्की की कामना की।
दुनिया के किसी कोने में रहें,बिहार की संस्कृति नहीं भूलते बिहारी
छठ महापर्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिहार की संस्कृति और परंपराओं की जड़ें कितनी गहरी हैं। रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की तलाश में बिहार के लोग भले ही दुनिया के अलग-अलग देशों में बस गए हों, लेकिन अपनी मिट्टी और आस्था से उनका रिश्ता आज भी उतना ही मजबूत है। विदेशों में छठ मनाने की यह परंपरा नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम कर रही है।
वैशाली से पंकज कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।