बिहार MLC चुनाव
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान, 10,731 शिक्षक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
पटना: बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर,शुक्रवार को मतदान होगा. इस चुनाव में कुल 10,731 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों के अवकाश और विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था से जुड़ी तैयारी की जा रही है.
मतदान दिवस पर शिक्षक मतदाताओं को एक दिन का विशेष अवकाश मिलेगा,ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. वहीं,निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को मतदान के दिन के साथ अगले दिन का भी अवकाश अनुमन्य होगा.
चूंकि यह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र है और मतदाता स्वयं शिक्षक हैं,इसलिए मतदान के दिन विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता प्रभावित होने की संभावना है. कार्यदिवस में मतदान होने के कारण विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन व्यवस्था बनाए रखना शिक्षा विभाग के सामने चुनौती रहेगी.
हालांकि,जिन शिक्षकों की निर्वाचन ड्यूटी नहीं लगी है और जो इस निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता भी नहीं हैं,उन्हें निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचना होगा. ऐसे शिक्षकों के माध्यम से विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन सामान्य रखने का प्रयास किया जाएगा.
निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित चुनावी कार्यों के कारण अगले दिन भी विद्यालय में उपस्थित होने से छूट रहेगी. वहीं,सामान्य शिक्षक मतदाताओं को केवल मतदान दिवस का विशेष अवकाश मिलेगा.
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत 10,731 शिक्षक मतदाता 23 अक्टूबर को अपने प्रतिनिधि के चुनाव के लिए मतदान करेंगे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।