BIHAR NEWS
सारण में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी
पटना : सारण जिले के विभिन्न प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं. आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव संसाधनों की तैनाती एवं उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है.
बाढ़ का पानी नए क्षेत्रों में प्रवेश करने के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्यों को और गति प्रदान करने के लिए अतिरिक्त एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें सारण भेजी जा रही है. सारण में पूर्व से एनडीआरएफ की05तथा एसडीआरएफ की03टीम तैनात है. राहत एवं बचाव कार्यों को और सुदृढ़ करने के लिए बेतिया से एनडीआरएफ की03टीम, गोपालगंज से02टीम, भागलपुर से02टीम तथा सुपौल से01अतिरिक्त टीम सारण भेजी जा रही है. इसके अतिरिक्त मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर एवं पूर्वी चंपारण से एसडीआरएफ की04टीमें सारण भेजी जा रही है.
इस प्रकार सारण जिले में एनडीआरएफ की कुल12टीम तथा एसडीआरएफ की कुल07टीम, अर्थात कुल19टीम, व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है.
पर्याप्त संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव कार्य
एनडीआरएफ की प्रत्येक टीम में30प्रशिक्षित मानवबल के साथ05बोट, 30लाइफबॉय, 40लाइफ जैकेट, 02डीप डाइव सेट तथा राहत एवं बचाव कार्य से संबंधित अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं. इन संसाधनों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है. सारण में राहत एवं बचाव कार्य में लगी एनडीआरएफ की12टीमों में कुल360प्रशिक्षित मानवबल तैनात हैं. इन टीमों के पास50से अधिक नाव, 480लाइफ जैकेट तथा360लाइफबॉय उपलब्ध हैं.
एसडीआरएफ की तैनात की जा रही टीमों में भी पर्याप्त मानवबल एवं बोट उपलब्ध हैं. आज भेजे जा रहे दरभंगा एसडीआरएफ टीम में20मानवबल एवं04बोट, मधुबनी टीम में20मानवबल एवं06बोट, समस्तीपुर टीम में19मानवबल एवं06बोट तथा पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) की टीम में18मानवबल एवं06बोट शामिल हैं. इस प्रकार, एसडीआरएफ की टीमों के कुल140से अधिक प्रशिक्षित मानवबल तथा36से अधिक बोट राहत एवं बचाव कार्य में तैनात हैं.
एयर ड्रॉप के माध्यम से भी पहुंचाई जा रही राहत सामग्री
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वायुसेना के हेलिकॉप्टर के माध्यम से अब तक3,000से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा चुके हैं. शाम तक5000से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जाएंगे.
इसके अतिरिक्त अन्य जिलों से भी सारण के लिए बड़ी मात्रा में राशन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. पटना से10,000, सिवान से15,000, भोजपुर से5,000, बक्सर से5,000तथा वैशाली से5,000राशन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इस प्रकार विभिन्न जिलों से कुल40,000राशन पैकेट सारण भेजे जा रहे हैं.
75,000 पॉलिथीन शीट भी उपलब्ध कराई जा रही
बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न जिलों से कुल75,000पॉलिथीन शीट सारण भेजी जा रही है. इनमें दरभंगा से25,000, मधुबनी से20,000, सीतामढ़ी से15,000तथा समस्तीपुर से15,000पॉलिथीन शीट शामिल हैं.
जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण, बचाव कार्यों तथा आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता की लगातार निगरानी की जा रही है. बाढ़ की स्थिति एवं आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती तथा राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग बाढ़ पीड़ितों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने हेतु दृढ़ संकल्पित तथा प्रतिबद्ध है. किसी भी आपातकालीन स्थिति में राज्य के आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के टोल फ्री नंबर 1070 पर सम्पर्क करें.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।