Live

सराहनीय पहल

बेतिया में खराब चापाकलों को ठीक करने के लिए मरम्मति दल रवाना, गांव-गांव पहुंचेगी टीम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

बेतिया: गर्मी के मौसम में जिलेवासियों को पेयजल की समस्या से जूझना न पड़े,इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है. सार्वजनिक स्थलों पर खराब पड़े सरकारी चापाकलों को दुरुस्त करने के लिए विशेष मरम्मति अभियान शनिवार से शुरु कर दिया गया है.

लोक स्वास्थ्य प्रमंडल,बेतिया के तत्वावधान में गठित चापाकल मरम्मति दल अब जिले के सभी प्रखंडों के गांव-गांव जाकर खराब पड़े चापाकलों को युद्धस्तर पर ठीक करेगा,ताकि गर्मी के दिनों में लोगों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके.

इस अभियान की शुरुआत करते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने समाहरणालय परिसर से चापाकल मरम्मति दल के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी चापाकलों को शीघ्र फंक्शनल किया जाए और उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए,ताकि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो.

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चापाकल ही लोगों के लिए पेयजल का प्रमुख स्रोत होते हैं. इसलिए यह आवश्यक है कि सभी चापाकल पूरी तरह कार्यशील रहे. उन्होंने कार्यपालक अभियंता,लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को निर्देश दिया है कि आमजनों द्वारा खराब चापाकलों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए.

कार्यपालक अभियंता,लोक स्वास्थ्य प्रमंडल,बेतिया नितिन कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों के लिए अलग-अलग मरम्मति दल गठित किए गए हैं,जो आज से ही भ्रमणशील रहकर खराब चापाकलों की मरम्मति करेंगे. प्रत्येक टीम में अनुभवी मिस्त्री और हेल्पर शामिल हैं,जो आवश्यक उपकरणों और सामग्रियों के साथ पूरी तरह तैयार हैं.

उन्होंने बताया कि मरम्मति दल के पास पलंजर,चेक वॉल्ब,बफेट,वॉशर,नट-बोल्ट,हेड,हैंडिल सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध रहेंगे,जिससे मौके पर ही खराबी को ठीक कर चापाकल को चालू किया जा सकेगा.

बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें