संगठित वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ : गोपालगंज में 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी के वाहन व सामान बरामद
गोपालगंज: बड़ी खबर गोपालगंज से है जहां जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच महम्मदपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोर गिरोह के5पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये बदमाशों के पास से चोरी के कई वाहन समेत भारी मात्रा में आपराधिक सामग्री बरामद की गई है.
जानकारी के अनुसार, 1अप्रैल को महम्मदपुर थाना क्षेत्र के बगीश मोड़ पर नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस की नजर एक बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध स्कॉर्पियो पर पड़ी,जो तेज रफ्तार में आ रही थी. पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा. तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया. हालांकि चालक मौके से फरार हो गया,लेकिन वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र कुमार और तबरेज आलम बताया. जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो चोरी की थी और दोनों आरोपी एक संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़े हुए हैं. गिरोह के सदस्य चोरी के वाहनों का रंग बदलने,इंजन और चेसिस नंबर में हेरफेर करने,फर्जी कागजात तैयार करने और नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बाजार में खपाने का काम करते थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ-2राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के अन्य तीन सदस्यों—मुन्ना कुमार यादव,लक्ष्मण राय और मनोज राय—को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी के4बोलेरो, 3मोटरसाइकिल और एक अन्य वाहन सहित कई सामान बरामद किए. बरामद सामग्री में1स्कॉर्पियो, 1लैपटॉप, 3प्रिंटर, 1इनवर्टर, 1बैटरी, 4मोबाइल फोन, 9स्मार्ट कार्ड, 50फर्जी नंबर प्लेट और1गैस कटर शामिल हैं,जो गिरोह की पेशेवर कार्यशैली को दर्शाते हैं.
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि पिछले तीन महीनों से जिले में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. लोग रात में अपने वाहन सुरक्षित खड़ा करते थे,लेकिन सुबह होते ही उनके वाहन गायब मिलते थे. इन घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी,जिसने इस गिरोह का सफल उद्भेदन किया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक गोपालगंज का रहने वाला है,जबकि अन्य पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर जिले के निवासी हैं.
एसपी के अनुसार,यह गिरोह चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर और कागजात तैयार कर बेहद चालाकी से उन्हें बेच देता था. साथ ही,इन वाहनों का उपयोग गैरकानूनी गतिविधियों में भी किया जाता था. पुलिस अब सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई के लिए टीम के अधिकारियों को10हजार रूपए से सम्मानित किए साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें,ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--