BIHAR NEWS
संविधान दिवस पर पटना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राजेश राम के नेतृत्व में निकला संविधान रक्षा मार्च, सांसद पप्पू यादव भी हुए शामिल
पटना : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी पटना में संविधान रक्षा मार्च निकाला गया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी मार्च में शामिल हुए.
मार्च की शुरुआत इनकम टैक्स गोलंबर से हुई. इसके बाद आर ब्लॉक चौराहा होते हुए मार्च शहीद स्मारक पहुंचा. इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का संकल्प दोहराया. शहीद स्मारक पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया. साथ ही सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई गई.
संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संदेश
कांग्रेस की ओर से इस मार्च का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किया गया था. पार्टी नेताओं ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की बुनियाद है और इसके मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. मार्च के जरिए आम लोगों के बीच संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देने की कोशिश की गई.
इस आयोजन में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ सांसद पप्पू यादव की मौजूदगी भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रही. संविधान दिवस पर निकाले गए इस मार्च को कांग्रेस के संगठनात्मक प्रदर्शन और राजनीतिक सक्रियता के रूप में भी देखा जा रहा है.
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।