Live

BIHAR CRIME

समस्तीपुर में युवक की धारदार हथियार से हत्या, अवैध संबंध के शक और आपसी रंजिश का एंगल आया सामने

D
Deepak Kumarलेखक

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भागीरथपुर गांव की है। मृतक की पहचान अजीत कुमार सहनी के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका जताई गई थी, लेकिन अब मामले में अवैध संबंध के शक और आपसी रंजिश का एंगल भी सामने आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार सहनी मूसेपुर स्थित जूट मिल में काम करता था। बताया जा रहा है कि आरोपी भी उसी जूट मिल में कार्यरत था और आसपास के इलाके में ही रहता था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने हंसुआ या फरसा जैसे धारदार हथियार से अजीत पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अजीत की मौत हो गई।

पैसों के विवाद से लेकर अवैध संबंध के शक तक जांच

घटना के बाद हत्या की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। शुरुआत में पैसों के लेनदेन को विवाद की वजह बताया गया था। वहीं, अब पुलिस जांच में अवैध संबंध के शक और आपसी रंजिश से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी चर्चा

पुलिस के अनुसार, आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसका मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति और घटना में उसकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के आधार पर ही होगी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित

वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। समस्तीपुर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अजीत कुमार सहनी की हत्या के पीछे पैसों का विवाद था, अवैध संबंध का शक या फिर कोई पुरानी रंजिश। सभी की नजरें अब आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें