Live

BIG BREAKING

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बिहार लौट रही स्लीपर बस पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल, दीवाली मनाने घर जा रहे थे मजदूर

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना/संभल:उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया.पवांसा के पास बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई.हादसे में20से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.बस में करीब150यात्री सवार बताए जा रहे हैं.दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

दीवाली मनाने बिहार लौट रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार,दुर्घटनाग्रस्त बस पंजाब के पटियाला से रवाना हुई थी. हरियाणा के अंबाला होते हुए बस बिहार जा रही थी. इसमें सुपौल,दरभंगा,पूर्णिया,सीतामढ़ी समेत बिहार के कई जिलों के यात्री सवार थे. इनमें अधिकतर लोग दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं और दीवाली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए घर लौट रहे थे. हादसे के कारण यात्रियों का सफर बीच रास्ते में ही रुक गया.

बस पलटते ही मची चीख-पुकार

गंगा एक्सप्रेसवे पर पवांसा के पास बस पलटने के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. बस के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए और यात्रियों का सामान इधर-उधर फैल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

चालक को झपकी आने की आशंका

घायल यात्री अखिलेश कुमार के मुताबिक,चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई. वहीं,एक अन्य यात्री ने बस में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने का आरोप लगाया है. हालांकि,हादसे की वास्तविक वजह और बस में सवार यात्रियों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बिहार में परिजनों की बढ़ी चिंता

दीवाली पर अपनों के बीच पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों के घायल होने की खबर से उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें