BIG NEWS
समस्तीपुर में युवती से कथित अभद्रता का वीडियो वायरल, पुलिस ने छह घंटे में 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
समस्तीपुर: जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि समस्तीपुर से भी एक युवती के साथ सरेराह कथित अभद्रता का वीडियो सामने आया है. यह मामला पिछले दिनों जिला मुख्यालय से कुछ किलोमीटर दूर कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड का बताया जा रहा है. पुलिस ने मामले में 4 आरोपी युवकों को पकड़ा है और सभी से पूछताछ कर रही है.
बताया जा रहा है कि युवती एक युवक के साथ बाइक से जा रही थी. दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गए और युवती को घेर लिया. आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया.
समस्तीपुर एसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और करीब छह घंटे के अंदर सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. एसपी के मुताबिक,आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
एसपी ने यह भी बताया कि पीड़िता नाबालिग है. नाबालिग से जुड़े मामले में लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है.
समस्तीपुर से कैशर खान की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।