Live

BIG NEWS

समस्तीपुर में विवाहिता की मांग में जबरन सिंदूर भरने का वीडियो वायरल, विरोध के बावजूद युवक ने की बदसलूकी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 5 पर FIR

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

मस्तीपुर : बिहार के समस्तीपुर जिले में एक विवाहिता के साथ सरेआम बदसलूकी का मामला सामने आया है. एक युवक ने महिला की इच्छा के विरुद्ध उसकी मांग में जबरन सिंदूर भर दिया और इसे शादी का दावा करने लगा. घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

घटना 28 अक्टूबर की खानपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में युवक महिला के पीछे खेत की ओर दौड़ता दिखाई दे रहा है. महिला लगातार विरोध करते हुए उससे बचने की कोशिश करती है. इसके बावजूद युवक उसे पकड़कर जमीन पर गिरा देता है और जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर देता है. इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. कुछ लोग युवक को रोकने की कोशिश करते दिखे, जबकि कई लोग वीडियो बनाते और तमाशा देखते रहे.

आरोप है कि इसके बाद युवक महिला को बाइक पर बैठाकर एक कमरे में ले गया, जहां दोबारा उसकी मांग में सिंदूर भरने की कोशिश की गई. आरोपी महिला से प्रेम प्रसंग होने का दावा कर रहा है, जबकि महिला इसका विरोध कर रही है.

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान पुरुषोत्तमपुर अन्नु पंचायत के वार्ड-2 निवासी दिनेश महतो के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है. उसे बेगूसराय जिले के खोदाबंदपुर से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी का घर पीड़िता के घर से करीब 500 मीटर दूर बताया गया है.

समस्तीपुर डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि खानपुर थाना कांड संख्या 243/2026 में पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अन्य आरोपियों, घटना में शामिल लोगों और वीडियो वायरल करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें