Live

BREAKING NEWS

रोसड़ा पहुंचे पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संदीप कुमार, कई भवनों का किया शिलान्यास

D
Deepak Kumarलेखक

समस्तीपुर: जिले के रोसड़ा में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संदीप कुमार शनिवार को रोसड़ा पहुंचे। यहां व्यवहार न्यायालय परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर में निर्माणाधीन कई भवनों का शिलान्यास किया। साथ ही न्यायालय का निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया गया स्वागत
न्यायमूर्ति संदीप कुमार के रोसड़ा पहुंचने पर व्यवहार न्यायालय परिसर में पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं, न्यायिक पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान न्यायालय परिसर में न्यायिक पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी रही।

कई भवनों का किया शिलान्यास
अपने दौरे के दौरान न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने रोसड़ा व्यवहार न्यायालय परिसर में निर्माणाधीन कई भवनों का शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने पूरे न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायिक व्यवस्था, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम पहल
न्यायमूर्ति संदीप कुमार के इस दौरे को रोसड़ा व्यवहार न्यायालय में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए भवनों के निर्माण से भविष्य में न्यायालय की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने और न्यायिक कार्यों के संचालन में सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर समस्तीपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश समीर कुमार, रोसड़ा के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम दुष्यंत कुमार सहित कई न्यायिक पदाधिकारी और न्यायालय कर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा, रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी, अन्य पुलिस पदाधिकारी और रोसड़ा व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

समस्तीपुर से रंजीत मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें