Live

BIHAR CRIME

रोहतास में नशे की हालत में BSF जवान ने की अंधाधुंध फायरिंग, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

D
Deepak Kumarलेखक

सासाराम के लालगंज में मची अफरातफरी,पुलिस ने जवान के पास से हथियार,दो खोखा और तीन जिंदा कारतूस किए बरामद

रोहतासः बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में नशे की हालत में एक बीएसएफ जवान द्वारा अंधाधुंध फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज की है। फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया।

मामले में रोहतास एसपी मिस्टर राज के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब में पदस्थापित बीएसएफ जवान राकेश कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार जवान सासाराम के कुराईच का रहने वाला बताया जा रहा है।

इस संबंध में सासाराम एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि लालगंज में बीएसएफ जवान राकेश कुमार चौधरी अपने हथियार से फायरिंग कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा, तीन जिंदा कारतूस और फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद किया है। सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है।

बताया जाता है कि जवान द्वारा अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई थी। हालांकि, ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए जवान को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार बीएसएफ जवान को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

रोहतास से दयानंद तिवारी की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें