Live

BIHAR POLITICS

रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को बताया चाचा, छठ पर उनके घर खरना का प्रसाद खाने जाने का किया ऐलान, बिहार में सियासी हलचल तेज

D
Deepak Kumarलेखक

नीतीश कुमार के घर खरना का प्रसाद खाने जाएंगी रोहिणी आचार्य, ‘वे हमारे चाचा’ बयान से बिहार की सियासत गरम

पटना: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक के बीच राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए उनके घर छठ का खरना प्रसाद खाने जाने की बात कही है। उनके इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने कहा कि नीतीश कुमार उनके चाचा हैं और वह छठ के अवसर पर उनके घर जरूर जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए। विपक्षी दलों के बीच यदि कोई मतभेद है तो उसे भुलाकर साथ आने की जरूरत है।

रोहिणी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बिहार की राजनीति में छठ के बाद बड़े राजनीतिक बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले राजद विधायक भाई वीरेंद्र भी बिहार में बड़ा खेला होने का दावा कर चुके हैं। उन्होंने जदयू और भाजपा के बीच कथित राजनीतिक खींचतान की ओर इशारा किया था। हालांकि, जदयू और भाजपा दोनों की ओर से ऐसे दावों को खारिज किया जा चुका है।

सम्राट सरकार पर भी साधा निशाना

रोहिणी आचार्य ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने अपराध और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।

आरके सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम की तस्वीर भी चर्चा में

इससे पहले रोहिणी अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं। वहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के साथ उनकी एक तस्वीर भी सामने आई थी। एक ही फ्रेम में सत्ता पक्ष, विपक्ष और जन सुराज के नेताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया था।

फिलहाल रोहिणी आचार्य के नीतीश कुमार के घर खरना का प्रसाद खाने जाने के बयान को लेकर सियासी अटकलें तेज हैं। हालांकि, इसे किसी राजनीतिक समीकरण में बदलाव का संकेत मानना अभी जल्दबाजी होगी।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें