Bihar Politics
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद से मिले CM नीतीश कुमार, इन मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा
PATNA :मुंबई में आयोजित हुई I.N.D.I.A गठबंधन की तीसरी महाबैठक के अगले ही दिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की है। राबड़ी आवास पर इन दोनों बड़े नेताओं की अहम मुलाकात हुई है।
लालू प्रसाद से मिले नीतीश कुमार
जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच I.N.D.I.A गठबंधन को लेकर बातचीत हुई है। इसके साथ ही बिहार के भी कई अहम मुद्दों पर दोनों नेताओं में चर्चा हुई है। इस मुलाकात के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राबड़ी आवास से निकलकर अपने आवास पर चले गये।
गौरतलब है कि मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित हुई I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक में शिरकत करने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार की रात पटना लौट आए। पटना लौटने के बाद उन्होंने वन नेशन-वन इलेक्शन पर बड़ा बयान दिया है। साथ ही इशारों में ही सारी बातें कह दी है।
मुंबई से पटना लौटे नीतीश का बड़ा बयान
पटना लौटे नीतीश कुमार ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है तो इसका मतलब समझ रहे हैं न आप। इसके बाद का मतलब है कि जल्द ही चुनाव कराना है। ऐसे में हम सब को एकजुट होकर काम करना है।
केन्द्र सरकार पर नीतीश का बयान
मीडिया से बात करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मुंबई में I.N.D.I.A गठबंधन की तीसरी बैठक बहुत अच्छी हुई है। सब लोगों ने मिलकर बात की है, सबकुछ तय हो गया है। अब हमलोगों को बहुत तेजी से काम करना है। केन्द्र वाला तो पहले भी चुनाव करा सकता है इसलिए हमलोगों को एकजुट होकर काम करना होगा।
इसके साथ ही नीतीश कुमार ने कहा कि केन्द्र को जो काम करना चाहिए, वो तो कर नहीं रहे हैं। हमने जातीय गणना की मांग की थी, वह नहीं कराया गया लेकिन जो उनकी जिम्मेवारी थी, जनगणना कराने की उन्होंने वह भी नहीं किया जबकि जनगणना 2021 में होनी थी लेकिन 3 साल गुजर जाने के बाद भी केन्द्र सरकार ने अबतक कोई पहल नहीं की।
वन नेशन-वन इलेक्शन पर बड़ा बयान
वन नेशन-वन इलेक्शन के सवाल पर जवाब देते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि लोकसभा का सत्र बुलाया जा रहा है तो इसका मतलब समझ रहे हैं न, इसके बाद का मतलब है कि जल्द चुनाव कराना है।
विदित है कि मुंबई में 28 दलों के 62 प्रतिनिधियों की दो दिवसीय मंत्रणा के बाद विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन के लिए 14 सदस्यीय समन्वय समिति, 19 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति, सोशल मीडिया से संबंधित 12 सदस्यीय कार्य समूह, मीडिया के लिए 19 सदस्यीय कार्यसमूह और शोध के लिए 11 सदस्यीय समूह का गठन किया है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।