अमित शाह को दौरे पर आरजेडी का तंज
कहा : विपक्षी दलों के महाजुटान के बाद बीजेपी है बेचैन, जल्द दिखेगा बड़ा बदलाव
NEWS DESK :भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लखीसराय दौरे पर बिहार की सियासत गरमा गई है। बिहार कांग्रेस के बाद अब लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी ने भी हमला बोला है और कहा है कि बिहार में विपक्षी दलों की हुई बैठक के बाद बीजेपी का दिमाग चकरा गया है।
आरजेडी ने साधा निशाना
आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी एकता की बैठक से बौखलाए पीएम मोदी और अमित शाह का अब हर महीने बिहार दौरा होगा। राजद विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता हमेशा माहौल को खराब करने में लगे रहते हैं। महागठबंधन और विपक्षी एकता की बैठक के बाद की अंदरुनी रिपोर्ट से बेचैन हैं।
'जल्द होगी इनकी विदाई'
आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने हुंकार भरते हुए कहा कि बिहार से शुरू हुई लड़ाई परिवर्तन कराकर ही दम लेती है। इनलोगों ने देश को बर्बाद कर दिया है लिहाजा अब जनता ने मन बना लिया है और जल्द ही इनकी विदाई होगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।