BIHAR NEWS
रियलिटी शो Rise and Fall 2 के बाद तेज प्रताप ने मांगी सुरक्षा, केंद्र और बिहार सरकार को लिखा पत्र
पटना : जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर केंद्र और बिहार सरकार से गुहार लगाई है. उन्होंने इस संबंध में पत्र लिखकर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है. तेज प्रताप का कहना है कि रियलिटी शो 'Rise and Fall 2' से लौटने के बाद उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ है. अब सार्वजनिक स्थानों पर उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग जुट जाते हैं.
सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी मिलने पर जताई चिंता
तेज प्रताप यादव के मुताबिक, फिलहाल उन्हें केवल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया गया है. सार्वजनिक कार्यक्रमों और अन्य स्थानों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है. उन्होंने आशंका जताई है कि कई बार भीड़ उन्हें चारों तरफ से घेर लेती है, जिससे उनकी सुरक्षा के साथ-साथ सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है.
पहले भी सरकार को दे चुके हैं जानकारी
तेज प्रताप ने दावा किया कि वह अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताओं से केंद्र और बिहार सरकार को पहले भी मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने पत्र लिखकर भी सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया है. हालांकि, उनके अनुसार अभी तक सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव नहीं किया गया है.
सरकार से पूछा- क्या किसी अनहोनी का इंतजार है?
तेज प्रताप यादव ने सरकार से सवाल किया है कि यदि भविष्य में उनके या उनके सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने कहा कि वह किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं.
अब देखना होगा कि तेज प्रताप यादव की इस मांग पर केंद्र और बिहार सरकार क्या निर्णय लेती है. फिलहाल उनका पत्र राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।