BREAKING NEWS
रक्सौल में पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई, 4 करोड़ रुपये की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी चंपारणः बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक स्कॉर्पियो से1किलो800ग्राम स्मैक जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब4करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वाहन को जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना पर लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के पास कार्रवाई
जानकारी के अनुसार,रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर लखनऊ से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लेकर रक्सौल बॉर्डर के रास्ते नेपाल जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने रक्सौल के लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के पास जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान मोतिहारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से1किलो800ग्राम स्मैक जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर उसमें सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों के नाम आने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक,गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान रक्सौल में मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब इन जानकारियों के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी,इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे नेपाल तक पहुंचाने की योजना कैसे बनाई गई थी।
ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज
रक्सौल में हुई इस कार्रवाई को सीमावर्ती इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। नेपाल से सटी सीमा होने के कारण इस क्षेत्र में तस्करी के नेटवर्क पर निगरानी सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि हाल ही में देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा ड्रग्स तस्करी की रोकथाम के लिए की गई कार्रवाई की सराहना की थी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
रक्सौल से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।