Live

BIHAR NEWS

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित हुए जमुई के एकलव्य विद्यालय के दो मेधावी छात्र

D
Deepak Kumarलेखक

जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति भवन में मिला सम्मान, सुभाष कुमार टुडू ने 88% और अजय बास्के ने 79.4% अंक लाकर बढ़ाया बिहार का मान
जमुई/पटना:
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। जमुई के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता (झाझा) के दो मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया। सम्मान पाने वाले छात्रों में सुभाष कुमार टुडू और अजय बास्के शामिल हैं।

दोनों विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2024-26 में अपने-अपने संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था। कला संकाय में सुभाष कुमार टुडू ने 88 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि विज्ञान संकाय में अजय बास्के ने 79.4 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में टॉप किया।

साधारण परिवार से आने वाले छात्रों ने बढ़ाया मान
सुभाष कुमार टुडू मूल रूप से बांका जिले के चंदन प्रखंड के मुरफोरवा गांव के निवासी हैं। उनके पिता विनय कुमार टुडू और माता मीना देवी हैं। वहीं, अजय बास्के जमुई जिले के झाझा प्रखंड के जुरपनिया गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता लम्बू बास्के और माता बड़की मुर्मू हैं।

शैक्षणिक उपलब्धि पर विभाग ने दी बधाई
दोनों विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत सम्मानित किया गया। यह विद्यालय बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित है।

इस उपलब्धि पर विभाग ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दोनों विद्यार्थियों की सफलता को जनजातीय समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें