JHARKHAND CRIME
रांची में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने कुदाली से वार कर की बेटे की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव की घटना,मां के सामने उजड़ गया परिवार;हत्या में इस्तेमाल कुदाली बरामद,मृतक नौवीं कक्षा का था छात्र
रांची: राजधानी रांची के नरकोपी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बोबरो गांव के सिया टोली में मंगलवार की सुबह एक पिता ने अपने ही 17 वर्षीय बेटे की कुदाली से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान नितेश उरांव के रूप में हुई है। वह नरकोपी स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था।
रात में दरवाजा बंद कर सोया था बेटा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। वह लगातार घर से बाहर भागने का प्रयास करता था। इसी वजह से मंगलवार की रात बेटे नितेश ने घर का दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि उसके पिता बाहर नहीं जा सकें। बताया जा रहा है कि सुबह करीब चार बजे नितेश सो गया। इसी दौरान उसके पिता ने सोते हुए बेटे के सिर पर कुदाली के पिछले हिस्से से वार कर दिया। आवाज सुनकर मां सुमित्रा उराइन बेटे के कमरे में पहुंचीं, लेकिन तब तक नितेश की मौत हो चुकी थी।
हत्या के बाद घर से बाहर निकला आरोपी
बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी पिता घर से बाहर निकल गया। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार,कुदाली बरामद
घटना की सूचना मिलते ही नरकोपी थाना प्रभारी शैलेन्द्र टुडू, एएसआई शिव कुमार और सशस्त्र बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी देवनाथ उरांव को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुदाली भी बरामद कर ली है। पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद बोबरो गांव के सिया टोली में मातम पसरा हुआ है। जिस बेटे को पढ़ा-लिखाकर भविष्य संवारने का सपना परिवार ने देखा था, उसकी इस तरह मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
रांची से नैयर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।