JHARKHAND NEWS
रांची गौशाला न्यास में 122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, गौ कथा सत्संग में गूंजी गौ-सेवा की महिमा
रांची: रांची गौशाला न्यास की ओर से हरमू रोड स्थित गोकुलधाम गौशाला में दो दिवसीय122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन एक दिवसीय गौ कथा सत्संग का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं को गौ-महिमा, गौ-संरक्षण और गौ-सेवा के महत्व से अवगत कराया गया।
गौ सम्मान आह्वान अभियान के पावन संकल्प की सिद्धि के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पखमेड़ा से पधारे कथावाचक ग्वालसंत ने गौ कथा एवं सत्संग प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी कथा के माध्यम से गौ-माता की महिमा और भारतीय संस्कृति में गौ-सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सत्संग में भाग लिया।
कल होंगे कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव के दूसरे दिन रांची गौशाला न्यास, हरमू रोड में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन से होगी। इसके बाद गौ पूजन, गौ दर्शन और तुलादान का आयोजन किया जाएगा। वहीं, संध्या 6 बजे से दानदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस विशेष समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
भजन संध्या और श्रीकृष्ण रासलीला बनेगी आकर्षण
महोत्सव का विशेष आकर्षण संध्या 6:30 बजे से आयोजित भजन संध्या एवं श्रीकृष्ण रासलीला होगी। इसके लिए गोवर्धन, मथुरा से सुप्रसिद्ध भजन गायक राजेश प्रसाद शर्मा अपनी टीम के साथ रांची पहुंचेंगे।श्याम लोक कला मंच सेवा समिति के कलाकारों द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति के साथ श्रीकृष्ण रासलीला का मंचन किया जाएगा। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।
गौ-सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश
122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव के माध्यम से रांची गौशाला न्यास गौ-संरक्षण, गौ-संवर्धन और गौ-सेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दे रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। न्यास की ओर से श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की गई है।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।