BREAKING NEWS
रामनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान भीषण आग, कई घर जलकर राख; प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर लगाया आग लगाने का आरोप
बगहाःबिहार के बगहा के रामनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच कई घर आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने कुछ अतिक्रमणकारियों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तीसरे दिन भड़की आग
जानकारी के अनुसार, रामनगर में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को अभियान का तीसरा दिन था। प्रशासन ने पहले ही सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों को नोटिस जारी कर जगह खाली करने का निर्देश दिया था। हालांकि, अभियान शुरू होने के बाद से ही स्थानीय स्तर पर विरोध और प्रदर्शन जारी था। इसी बीच त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए।
प्रशासन का आरोप- कुछ अतिक्रमणकारियों ने खुद लगाई आग
घटना को लेकर प्रशासन का आरोप है कि कुछ अतिक्रमणकारियों ने जानबूझकर आग लगाई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल रही है, ताकि आग लगाने और उपद्रव में शामिल संदिग्धों की पहचान की जा सके।
कुछ संदिग्ध हिरासत में,पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रामनगर पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
अतिक्रमण अभियान के बीच आग की घटना से बढ़ा तनाव
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान आग लगने की इस घटना ने इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। कई घरों के आग की चपेट में आने से प्रभावित परिवारों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों, नुकसान और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
बगहा से राकेश कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।