Live

रजौली में झपटमार गिरोह का पर्दाफाश

पुलिस ने 5 अपराधियों को दबोचा, चोरी की दो बाइक समेत अन्य सामान बरामद

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

नवादा : बड़ी खबर बिहार के नवादा से है जहां रजौली अनुमंडल क्षेत्र के नरहट थाना में दर्ज झपट्टामारी कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है. पुलिस ने मामले में 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके कब्जे से झपटमारी में छीने गए दो मोबाइल फोन,एक सोने का बजरंगबली लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद किया है. बरामद दोनों मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं,जिनके संबंध में वारिसलीगंज थाना में पहले से मामले दर्ज हैं.

बुधवार को रजौली डीएसपी गुलशन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 21 मई 2026 को नरहट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी अनुज चौधरी के पुत्र राहुल कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी. राहुल ने बताया था कि वह कोचिंग से घर लौट रहा था,तभी जलालपुर गांव के समीप कुछ अपराधियों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन और गले में पहना सोने का बजरंगबली लॉकेट छीन लिया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नरहट थाना कांड संख्या 156/26 दर्ज कर जांच शुरू की.

डीएसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर लगातार छापेमारी की गई. इसी क्रम में 9 जून को घटना में शामिल पांच अपराधियों को पकड़ा गया. पुलिस की सघन पूछताछ में सभी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी.

गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के चट्टी गुमटी गांव से झपटमारी में छीने गए दो मोबाइल फोन,एक सोने का लॉकेट और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं. जांच के दौरान पता चला कि दोनों मोटरसाइकिल चोरी की है. इनके संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 103/26 एवं 104/26 पूर्व से दर्ज हैं.

गिरफ्तार आरोपियों में गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारिसोवा गांव निवासी अखिलेश कुमार उर्फ बाजों,राहुल कुमार,अजय कुमार तथा अंबेडकर नगर खजुरी निवासी मंटू कुमार और नीतीश कुमार शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. साथ ही गिरोह के अन्य आपराधिक कनेक्शन और संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय झपटमारों और वाहन चोरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

दिनेश कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें