Live

BREAKING NEWS

राजगीर में भारत- न्यूजीलैंड रग्बी का रोमांचक मुकाबला, CM सम्राट चौधरी कल करेंगे उद्घाटन

D
Deepak Kumarलेखक

CMसम्राट चौधरी करेंगे अंतरराष्ट्रीय सीरीज का उद्घाटन, महिला-पुरुष अंडर-20 टीमों के बीच भिड़ंत के साथ मिक्स्ड टीमों के मुकाबले भी होंगे

बिहार की धरती पर मंगलवार की शाम अंतरराष्ट्रीय रग्बी का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। राजगीर स्थित खेल परिसर के एथलेटिक स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की माओरी अंडर-20 टीमों के बीच रग्बी सेवंस सीरीज खेली जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को ही इस सीरीज का औपचारिक उद्घाटन करेगें। भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित इस सीरीज में महिला और पुरुष टीमों के बीच मुकाबलों के साथ दोनों देशों के खिलाड़ियों की संयुक्त मिक्स्ड टीमें भी मैदान पर उतरेगीं। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के साथ खेल के जरिये दोनों देशों के बीच मैत्री और सहयोग को मजबूत करने का अवसर बनेगा। इस दौरान केंद्र और बिहार सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा रग्बी जगत से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, शाम 4 बजे से उद्घाटन एवं स्वागत समारोह शुरू होगा। इस दौरान भारत-न्यूजीलैंड खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सीरीज के बारे में अतिथियों को जानकारी दी जाएगी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार के ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैट आयर्स, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा और भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस समेत अन्य गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पुरुष टीम के मुकाबले से होगी शुरुआत

उद्घाटन के बाद शाममेंभारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष टीमों के बीच मुकाबला शुरू होगा। इससे पहले न्यूजीलैंड की माओरी पुरुष टीम पारंपरिक हाका प्रस्तुति देगी। दोनों देशों की टीमों के मैदान में प्रवेश,अतिथियों से परिचय और राष्ट्रीय गान के कार्यक्रम के बाद मुकाबले का रोमांच शुरू होगा।

पुरुष टीमों के मैच के बाद शाम में भारतीय और न्यूजीलैंड की टीमों को स्मृति पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद महिला टीमों के मुकाबले की तैयारी होगी। शाम में ही भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 महिला टीमों के बीच मैच खेला जाएगा। महिला मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की माओरी महिला टीम भी पारंपरिक हाका प्रस्तुति देगी।

मिक्स्ड टीमों के बीच भी होगे मुकाबले

इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को मिलाकर बनाई गई मिक्स्ड टीमें होंगी। पुरुष और महिला मिक्स्ड टीमों का परिचय कराया जाएगा। इसके बाद 'यूनिटी सेवन्स' और 'सेंटेनरी सेवन्स' नाम से गठित टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। पुरुष मिक्स्ड टीम और महिला मिक्स्ड टीमों का मैच शाम में खेला जायेगा। इस दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच आपसी सहयोग, खेल भावना और मैत्री का संदेश देने पर जोर रहेगा। कार्यक्रम के समापन से पहले भारतीय और न्यूजीलैंड की महिला एवं पुरुष अंडर-20 टीमों को विशेष रूप से तैयार स्मृति पदक और फ्रेंडशिप शील्ड प्रदान की जाएगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें