Live

BIHAR NEWS

राजगीर में 11 अक्टूबर से बिहार-यूपी के बीच रणजी मुकाबला, रिंकू सिंह समेत तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ी टक्कर

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के एलीट ग्रुप में बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है. चार दिवसीय मुकाबला 11 अक्टूबर से राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. उत्तर प्रदेश की टीम में रिंकू सिंह, करण शर्मा और कार्तिक त्यागी जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं, बिहार की टीम को शुरुआती दो मुकाबलों में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की कमी खलेगी.


रिंकू सिंह समेत यूपी की मजबूत टीम


उत्तर प्रदेश की टीम गुरुवार को बिहार पहुंची. टीम में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके रिंकू सिंह और करण शर्मा के अलावा युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी भी शामिल हैं. कप्तान आर्यन जुयाल,यश दयाल और प्रियम गर्ग जैसे खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी. मजबूत खिलाड़ियों से सजी यूपी की टीम राजगीर में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी.


वैभव के बिना बिहार की अग्निपरीक्षा


बिहार की टीम की कमान एक बार फिर शकीबुल गनी को सौंपी गई है,जबकि हिमांशु सिंह उपकप्तान होंगे. वैभव सूर्यवंशी वेस्टइंडीज दौरे के कारण शुरुआती दो मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे. ऐसे में बिहार के बल्लेबाजों और गेंदबाजों पर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी.


बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने शुरुआती दो मुकाबलों के लिए17सदस्यीय टीम घोषित की है. अंडर-23प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के बाद नमन गौरव और पृथ्वीराज को भी टीम में जगह मिली है. इसके अलावा आयुष लोहारुका,मंगल महरूर,पीयूष सिंह,बिपिन कुमार सौरभ और सूरज कुमार कश्यप सहित कई खिलाड़ियों को शामिल किया गया है.


आशुतोष अमन बने मुख्य कोच


बिहार टीम के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हुआ है. प्लेट ग्रुप में बिहार को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले आशुतोष अमन को पहली बार रणजी टीम का मुख्य कोच बनाया गया है. अशोक कुमार सहायक कोच होंगे.


अब राजगीर में होने वाले इस मुकाबले में बिहार की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर मजबूत उत्तर प्रदेश को चुनौती देने की कोशिश करेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें