BIHAR CRIME
रजौली चेकपोस्ट पर 300 पेटी विदेशी शराब जब्त, 15 लाख की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
झारखंड से बिहार लाई जा रही थी शराब,मिनी ट्रक में छिपाकर रखी गई थीं 180एमएल की बोतलें;कोडरमा से बिहारशरीफ पहुंचानी थी खेप
नवादा:बिहार-झारखंड अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित नवादा जिले के रजौली चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए300 पेटी विदेशी शराब जब्त की है। शराब की खेप के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब15 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब झारखंड के कोडरमा से लोड कर बिहारशरीफ पहुंचाई जा रही थी।
गुप्त सूचना पर मिनी ट्रक की तलाशी
यह कार्रवाई रजौली प्रखंड के चित्तरकोली पंचायत स्थित समेकित जांच चौकी पर की गई। उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली कि झारखंड से सफेद रंग की एक मिनी ट्रक में विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने वाहन संख्या BR-9R-7019 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मिनी ट्रक में छिपाकर रखी गई 180 एमएल की कुल 300 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने शराब और वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
नालंदा का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार तस्कर की पहचान नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी स्वर्गीय पप्पू पासवान के पुत्र समीर कुमार सोनू के रूप में हुई है। उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता ने बताया कि जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। शराब को झारखंड के कोडरमा जिले से लोड किया गया था और इसकी डिलीवरी बिहारशरीफ में दी जानी थी। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर शराब की खेप को पकड़ लिया गया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद शनिवार को आरोपी की रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराई गई। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
लगातार जांच के बावजूद शराब तस्करी पर सवाल
गौरतलब है कि रजौली चेकपोस्ट बिहार और झारखंड की अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित है। यहां उत्पाद विभाग की टीम लगातार वाहनों की जांच करती है। इसके बावजूद शराब तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर अंतरराज्यीय सीमा पर शराब तस्करी रोकने की चुनौती को सामने ला दिया है। अब उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच भी महत्वपूर्ण होगी।
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।