Raid : आरा में वाणिज्य कर विभाग की टीम ने 3 कपड़ा व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों पर की छापेमारी
आरा:वाणिज्यकर विभाग की टीम ने आरा शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई नामी कपड़ा व्यवसायियों के यहां छापेमारी की है. इस कार्रवाई के बाद शहर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार,आयुक्त-सह-सचिव वाणिज्य कर विभाग,पटना के निर्देश पर पटना से आई विशेष टीम ने आरा के प्रसिद्ध कपड़ा कारोबारी पूजा टेक्सटाइल,अंशु टेक्सटाइल और अग्रवाल टेक्सटाइल के प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की. टीम ने इन कारोबारियों की दुकानों के साथ-साथ गोदामों की भी सघन जांच की. विभागीय सूत्रों के मुताबिकइन व्यवसायियों पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का आरोप है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में बिना जीएसटी बिल का कपड़ा बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि कारोबारियों द्वारा कई सामानों की खरीद से संबंधित वैध बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सके. वाणिज्य कर विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं,जिनकी गहन जांच की जा रही है.
छापेमारी में शामिल अधिकारी निखिल कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि आरा के कुछ कारोबारी सरकार को टैक्स में भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य कारोबारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल विभाग की जांच जारी है और कार्रवाई अगले कई दिनों तक चलने की संभावना है. इस छापेमारी के बाद से जिले के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट