BIHAR POLITICS
राहुल गांधी पर गिरिराज सिंह का तीखा हमला, बोले- 'मीठा-मीठा गट-गट और तीता-तीता थू-थू' नहीं चलेगा
बक्सर:केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन की राजनीति पर तीखा हमला बोला है। बिहार के बक्सर स्थित महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि सिद्धाश्रम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने एसआईआर और परिसीमन के मुद्दे पर राहुल गांधी की भूमिका को लेकर नैतिकता का सवाल भी उठाया।
गिरिराज सिंह ने कहा कि जब केरल में कांग्रेस को जीत मिलती है, तब राहुल गांधी को एसआईआर और परिसीमन ठीक लगता है, लेकिन जहां राजनीतिक परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं होतीं, वहां इन मुद्दों का विरोध शुरू हो जाता है। उन्होंने केरल के गृह मंत्री के बयान का हवाला देते हुए कहा कि एसआईआर नहीं हुआ होता तो वहां उनकी सरकार नहीं बनती।
राहुल गांधी से सरकारों के इस्तीफे की मांग
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें नैतिकता है तो उन्हें पहले केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और झारखंड की सरकारों से इस्तीफा कराना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया सुविधा के अनुसार बदलता रहता है।
गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा, "मीठा-मीठा गट-गट और तीता-तीता थू-थू नहीं चलेगा।" उन्होंने कहा कि जहां राजनीतिक फायदा मिलता है, वहां एसआईआर और परिसीमन स्वीकार्य हो जाता है और जहां नुकसान की आशंका होती है, वहां विरोध किया जाने लगता है।
अखिलेश यादव के सहारे कांग्रेस पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने के सवाल पर भी गिरिराज सिंह ने तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पुराने रुख से पीछे हट रही है। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के सहयोग के बिना कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से खड़ा होना भी मुश्किल है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति विपक्षी गठबंधन के सहयोग पर निर्भर होती जा रही है। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की राजनीति को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
बक्सर से बबलू उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।