Live

BIHAR POLITICS

राहुल गांधी महिलाओं का सम्मान नहीं करते, उन्हें उनका हक नहीं देना चाहते: मंत्री संतोष कुमार सुमन

D
Deepak Kumarलेखक

लखीसराय:बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने परिसीमन (डी-लिमिटेशन) के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

मंत्री संतोष कुमार सुमन ने राहुल गांधी पर महिलाओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी महिलाओं का सम्मान नहीं करते हैं और नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका वाजिब हक मिले। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार और एनडीए के रुख का समर्थन किया।

परिसीमन को लेकर पीएम मोदी की सराहना

मंत्री ने कहा कि परिसीमन का प्रस्ताव दो-तिहाई बहुमत से पारित होगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के घटक दलों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो प्रतिबद्धता जताई है, उसे पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

कांग्रेस के एससी-एसटी वाले सवाल पर भी साधा निशाना

कांग्रेस की ओर से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) के मुद्दे पर उठाए जा रहे सवालों पर भी संतोष कुमार सुमन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पार्टी पर दलितों और पिछड़ों की उपेक्षा करने के आरोप लगते रहे हैं, उसका अब इन वर्गों के हितों की चिंता जताना महज दिखावा है। मंत्री के इस बयान के बाद परिसीमन, महिला अधिकारों और एससी-एसटी के मुद्दे पर बिहार की सियासत में बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

लखीसराय से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें