Live

BREAKING NEWS

राघोपुर में 13 बच्चों के दशकर्म के दौरान बवाल, प्रशांत किशोर के सामने दो पक्षों में झड़प; JDU नेता घायल

D
Deepak Kumarलेखक

बीजेपी नेता गगन राय और जेडीयू प्रदेश सचिव अजीत यादव के बीच विवाद के बाद मारपीट का आरोप,गांव में तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात

हाजीपुर:बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में नाव हादसे में13बच्चों की मौत के बाद शोक के माहौल के बीच रविवार को दशकर्म के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में बीजेपी नेता गगन राय और जेडीयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव के बीच विवाद हुआ,जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। घटना में अजीत यादव के घायल होने की सूचना है। झड़प के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार,नाव हादसे में जान गंवाने वाले13बच्चों के दशकर्म के मौके पर पीड़ित परिवारों से मिलने और शोक संवेदना व्यक्त करने प्रशांत किशोर राघोपुर पहुंचे थे। इसी दौरान गगन राय और अजीत यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर करीब10मिनट तक गांव में रुके और फिर वहां से रवाना हो गए।

नाव हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग

बच्चों की मौत पर दुख जताते हुए प्रशांत किशोर ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना में संभावित लापरवाही और भ्रष्टाचार की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि,दोष किसका है,यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

उन्होंने कहा कि दियारा क्षेत्रों में नाव हादसों को रोकने के लिए नावों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

अनंत सिंह के निष्कासन पर भी दी प्रतिक्रिया

जेडीयू नेता अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित किए जाने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने इसे जेडीयू का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी किसे रखती है और किसे निष्कासित करती है,इसका जवाब पार्टी के नेता ही दे सकते हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि प्रचार पहले से चल रहा था,तो निष्कासन अब क्यों किया गया।

फिलहाल,झड़प के बाद गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। शोक के माहौल में हुई इस घटना से इलाके में तनाव बना हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई और नाव हादसे की जांच के नतीजों पर सबकी नजर है।

वैशाली से रिषभ कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें