Live

पूर्व सैनिकों के लिए NTA में नौकरी का सुनहरा अवसर

पर्यवेक्षक पद पर दो साल का होगा संविदा पैनलीकरण, परीक्षा ड्यूटी के मिलेंगे 4 हजार रुपये

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : भारतीय सशस्त्र बलों से सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में काम करने का अवसर सामने आया है. एनटीए ने पूर्व सैनिक कल्याण विभाग और पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) के समन्वय से पर्यवेक्षक पैनलीकरण 2026 के तहत योग्य पूर्व सैनिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक और पात्र पूर्व सैनिक छह दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

इस पैनल में चयनित पूर्व सैन्यकर्मियों को एनटीए की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसके लिए उन्हें निर्धारित मानदेय भी दिया जाएगा. परीक्षा से पहले आयोजित ब्रीफिंग में शामिल होने पर 3,000 रुपये और परीक्षा के दिन ड्यूटी करने पर 4,000 रुपये मिलेंगे.

दो साल के लिए होगा संविदा पैनलीकरण

अधिसूचना के अनुसार, चयनित पूर्व सैनिकों का पैनलीकरण दो वर्ष के संविदा कार्यकाल के लिए किया जाएगा. पर्यवेक्षक के रूप में उन्हें परीक्षा संचालन की व्यवस्था, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन और परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी जैसी जिम्मेदारियां निभानी होंगी. इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के अनुभव, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता का उपयोग परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में करना है.

तीनों सेनाओं के निर्धारित रैंक के सैनिक पात्र

आवेदन के लिए तीनों सेनाओं के कुछ निर्धारित रैंक तय किए गए हैं. थल सेना से सूबेदार मेजर और उससे ऊपर के रैंक के सेवानिवृत्त कर्मी आवेदन कर सकते हैं. वायु सेना में मास्टर वारंट ऑफिसर और उससे ऊपर तथा नौसेना में मास्टर चीफ पेटी ऑफिसर और उससे ऊपर के रैंक के पूर्व सैनिक पात्र होंगे. आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है.

छह दिसंबर अंतिम तिथि

योग्य अभ्यर्थी एनटीए के आधिकारिक पोर्टल https://observermanagement.nta.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि छह दिसंबर 2026 है. विस्तृत पात्रता और अन्य जानकारी के लिए पुनर्वास महानिदेशालय की वेबसाइट https://dgrindia.gov.in/Content2/job-assistance/job-for-jcos-or पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें