Live

दु:खद

पूर्व राज्यसभा सांसद और SIS ग्रुप के संस्थापक आरके सिन्हा का निधन, नोएडा आवास पर ली अंतिम सांस, पटना लाया जाएगा पार्थिव शरीर

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : बिहार के वरिष्ठ राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी व्यक्तित्व डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार को निधन हो गया. वे एसआईएस (SIS) ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन और पूर्व राज्यसभा सदस्य थे. उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.

भाजपा के शुरुआती दौर से जुड़े थे आरके सिन्हा

आरके सिन्हा भारतीय जनता पार्टी के शुरुआती दौर से ही संगठन से जुड़े हुए थे. उन्हें पार्टी के संस्थापक सदस्यों में गिना जाता था. बिहार भाजपा में उनका विशेष स्थान रहा. उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन और राजनीति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया. राज्यसभा सदस्य के रूप में भी उन्होंने अपनी भूमिका निभाई.

सुरक्षा क्षेत्र में बनाई अलग पहचान

राजनीति के अलावा आरके सिन्हा ने कारोबार की दुनिया में भी बड़ी पहचान बनाई थी. उन्होंने एसआईएस ग्रुप की स्थापना कर निजी सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़े संस्थान के रूप में इसे स्थापित किया.

उनके नेतृत्व में एसआईएस ग्रुप ने देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना विस्तार किया. उद्यमिता के क्षेत्र में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है. उनके नेतृत्व वाले संस्थान ने बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए.

अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया जाएगा पार्थिव शरीर

आरके सिन्हा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से पटना लाया जाएगा. इसे पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में रखा जाएगा, जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे.

हालांकि, पार्थिव शरीर के पटना पहुंचने का समय और अंतिम संस्कार की रूपरेखा अभी तय नहीं हुई है. इसकी विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी.

उनके निधन से बिहार ने राजनीति, समाज और उद्योग जगत की एक जानी-मानी हस्ती को खो दिया है. उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें