Live

BIHAR CRIME

पूर्णिया में नशे के बड़े कारोबार का खुलासा, 1.85 करोड़ की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

D
Deepak Kumarलेखक

856ग्राम स्मैक, 5लाख रुपये से अधिक नकद और चार मोबाइल बरामद;शक्ति नगर स्थित घर में पुलिस की छापेमारी,बेटा भी जांच के घेरे में
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मरंगा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मरंगा थाना क्षेत्र के शक्ति नगर में छापेमारी कर करीब पौने दो करोड़ रुपये मूल्य की 856 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कथित महिला तस्कर किरण चौधरी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान उसके घर से पांच लाख रुपये से अधिक नकद और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि मरंगा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शक्ति नगर निवासी किरण चौधरी और उसका बेटा आनंद चौधरी लंबे समय से स्मैक की तस्करी और खरीद-बिक्री के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं।

गुप्त सूचना पर गठित हुई पुलिस टीम, घर में हुई छापेमारी
एसडीपीओ अभिनव पाराशर के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने शक्ति नगर स्थित संदिग्ध के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। मौके से किरण चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए।

पश्चिम बंगाल के मालदा और कालियागंज से लाते थे स्मैक
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा और कालियागंज इलाके से स्मैक लाते थे। इसके बाद पूर्णिया में स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर उसकी बिक्री की जाती थी। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस खंगाल रही फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की आपूर्ति कहां से होती थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के दायरे में आरोपी महिला के बेटे आनंद चौधरी सहित अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका भी है।

नशे के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई के बाद पूर्णिया में सक्रिय कथित स्मैक तस्करी नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं तथा नशे की खेप किन रास्तों से पूर्णिया तक पहुंचाई जाती थी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें